अच्छी खबर: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में बढ़ रही बाघों की संख्या, जानिए क्या है वर्तमान गणना

वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) में एक बार फिर से बाघों की संख्या में बढ़ोतरी की बात सामने आ रही, वर्ष 2020-21 में वीटीआर के दोनों वन प्रमंडलों में कराई गई गणना में इनकी संख्या बढ़कर 50 होने के संकेत मिले हैं। इसकी रिपोर्ट राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) को भेजी गई है।
गौरतलब हो कि वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) में प्रति वर्ष बाघों की गणना की जाती है हालाँकि वार्षिक होने वाले गणना की संख्या को सार्वजनिक नहीं किया जाता है।
वर्ष 2018 में की गई बाघों की गणना की जानकारी अगले वर्ष 29 जुलाई को विश्व बाघ दिवस पर सार्वजनिक की गई थी। तब 37 बाघ थे। शावकों को लेकर यह संख्या 46 थी। इनमें दो की मौत के बाद 44 बाघ थे। वर्ष 2020-21 में वीटीआर के वन प्रमंडल एक और दो में बाघों की गणना के लिए बारी-बारी से 250 कैमरा ट्रैप लगाए गए थे। इनमें आई बाघों की नई तस्वीरों से जो संकेत मिले हैं, उसके अनुसार इनकी संख्या 50 से अधिक हो सकती है।
बीते दिनों रिज़र्व में जंगली सूअरों का कुनबा तेजी बढ़ने की बात सामने आई है जिससे बाघों के लिए जंगल में ही पर्याप्त भोजन उपलब्ध हो रहा है। वीटीआर में जंगली सूअरों की संख्या लगभग एक हजार है, वाल्मीकिनगर रेंजर महेश प्रसाद ने बताया कि वीटीआर के जंगलों में वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों के चलते जंगली सूअरों की संख्या में काफी इजाफा हुआ है।