गोपालगंज: तिरंगा मार्च में ही उल्‍टा तिरंगा लिए घूमने लगे भाजपा जिलाध्‍यक्ष, गलती मानी फोटो वायरल

गोपालगंज में भाजयुमो की तिरंगा यात्रा के दौरान पार्टी जिलाध्‍यक्ष का उल्टा तिरंगा लेकर चलने का एक फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, साथ ही भाजपा नेता को तरह तरह से ट्रोल भी किया जा रहा है। अगस्त क्रांति दिवस पर भाजयुमो ने सोमवार को यह तिरंगा यात्रा निकाली थी जिसमें पार्टी जिलाध्‍यक्ष के हाथ में उल्टा तिरंगा था जिसे लेकर वह घूम रहे थे।

इस यात्रा में खनन व भूतत्व मंत्री जनक राम,पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी और जिला भाजपा अध्यक्ष विनोद कुमार सिंह भी शामिल हुए थे। सोशल मीडिया में वायरल हो रही तस्वीर में भाजपा के जिलाध्यक्ष उल्टा तिरंगा लेकर चल रहे दिख रहे हैं।

इस संबंध में मीडिया को अपनी सफाई देते हुए श्री सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा में शामिल किसी लड़के ने उन्हें झंडा दिया था। पता चलते ही उन्होंने तुरंत झंडे को ठीक कर लिया। उन्होंने गलती स्वीकार की है। दूसरी तरफ राजद और अन्य विरोधी दल इस सम्बन्ध में करवाई की भी मांग कर रहे है।