बिहार: राजनीति के साथ खेल का गजब तालमेल! BJP विधायक ने नेशनल शूटिंग में जीता गोल्ड

पंजाब के पटियाला में आयोजित किए गए 64वें नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप में बिहार के जमुई से भारतीय जनता पार्टी की विधायक श्रेयसी सिंह ने गोल्ड मैडल जीत राजनीति के साथ खेल का गजब तालमेल दिखाया है। अंतरराष्ट्रीय महिला निशानेबाज और विधायक श्रेयसी सिंह को विधानसभा सत्र के दौरान बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सम्मानित भी किया।
अंतर्राष्ट्रीय शूटर श्रेयसी सिंह ने इस उपलब्धि के साथ जमुई ही नहीं बल्कि पुरे बिहार का नाम रोशन किया है, राजनीति में आने के बाद विधायक बन कर भी खेल से भी लगाव रखने वाली श्रेयसी सिंह राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने खेल का दमखम दिखाते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया है।
बिहार विधान सभा के सत्रावधि के दौरान बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने श्रेयसी सिंह को सम्मानित किया, इस मौके पर नीतीश कुमार ने कहा कि आपने बिहार का नाम गौरवान्वित किया है। बिहार के लोगों को आपपर गर्व है। इस मौके पर भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे सहित कई विधायक, विधान पार्षद व मंत्री उपस्थित थे। सभी ने उन्हें बधाई दी है।
श्रेयसी ने इस स्पर्धा में लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय चैंपियनशिप जीती, वर्ष 2019 में 63वीं नेशनल शूटिंग चैंपियनशिप की शॉटगन स्पर्धा में भी उन्होंने बिहार के लिए स्वर्ण पदक जीता था। यह उनका कुल पांचवां व्यक्तिगत राष्ट्रीय खिताब और महिला ट्रैप में दूसरा खिताब है। राष्ट्रमंडल खेलों की मौजूदा चैंपियन श्रेयसी ने फाइनल में 34 अंक बनाए तथा वह मध्यप्रदेश की प्रगति दुबे (31) और ओएनजीसी की शगुन चौधरी (27) से आगे रही।
बताते चले कि श्रेयसी सिंह पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व दिग्विज सिंह और पूर्व सांसद पुतुल कुमारी की पुत्री हैं। वे जमुई के भारतीय जनता पार्टी की विधायक चुनी गईं हैं। पहली बार एमएलए बनी। विधानसभा के उपस्थित होने के बाद उन्होंने राज्य सरकार की प्रशंसा की। कहा कि केंद्र और राज्य दोनों मिलकर बेहतर शासन दे रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि खेल के प्रति युवाओं को जोड़ने के लिए लगातार वे सक्रिय हैं।