Bihar Gender Budget: बिहार में महिलाओं पर खर्च होंगे 39000 करोड़ रूपए, जानिए जेंडर बजट में क्या है ख़ास?

बिहार के डिप्टी सीएम सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने 28 फरवरी 2024 को विधानसभा में बिहार जेंडर बजट पेश किया। राज्य के मुख्य बजट में जेंडर बजट का हिस्सा 14 फीसदी है , जो सिर्फ बिहार की महिलाओं के विकास पर खर्च होने वाला है।
इसके तहत बिहार में आगामी वित्तीय वर्ष 2024-25 में महिलाओं के समग्र विकास पर 39 हजार करोड़ रूपए से अधिक की राशि खर्च करने का प्रावधान किया गया है। आईये जानते है Bihar Gender Budget की खासियत।
महिलाओं को मुख्यधारा में लाने के लिए जेंडर बजट

गौरतलब है की बिहार की कुल जनसंख्या में आधी आबादी यानि महिलाओं की संख्या लगभग चार करोड़ 98 लाख है। यह आबादी कुल जनसंख्या का 48 फीसदी है।
राज्य में अब तक महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य व आर्थिक अवसर पाने की दिशा में पुरुषों की तुलना में काफी पीछे हैं। जिसके लिए राज्य सरकार द्वारा महिलाओं को मुख्यधारा में लाने के लिए वर्ष 2008-09 से ही जेंडर बजट तैयार किया जा रहा है।
बिहार जेंडर बजट के तहत बिहार सरकार राज्य की महिलाओं के विकास पर 39000 करोड़ रुपए खर्च करेगी।
दो श्रेणियों में बांटा गया बिहार जेंडर बजट
बिहार सरकार द्वारा जेंडर बजट को दो श्रेणियों में बांटा गया है। जहाँ श्रेणी ए में उन योजनाओं और कार्यक्रमों को शामिल किया जाता है, जिसमें शत-प्रतिशत राशि महिलाओं और बालिकाओं पर खर्च की जाती है।
वहीँ श्रेणी बी में वैसी योजनाओं को शामिल किया जाता है, जिसमें कुछ घटक महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण के लिए होती हैं, जिसमें 30 से 99 प्रतिशत तक राशि खर्च की जाती है।
शिक्षा और सरकारी नौकरियों में आरक्षण
इसके माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में कई प्रकार के पहल भी किए गए हैं। जिसमें जीविका समूहों को सशक्त बनाना, सात निश्चय-दो के तहत सशक्त महिला-सक्षम महिला, सरकारी नौकरियों में 35 प्रतिशत आरक्षण व इंजीनियरिंग कॉलेजों में 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार वित्तीय वर्ष 2018-19 में महिलाओं और बालिकाओं पर 21 हजार 943 करोड़ खर्च किये गये थे। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2019-20 में 23 हजार 39 करोड़, 2020-21 में 22 हजार 418 करोड़, 2021-22 में 33 हजार 696 करोड़, 2022-23 में 41 हजार 864 करोड़, 2023-24 में 37 हजार 949 खर्च किया गया।
अब जेंडर बजट के बाद अगले वित्तीय वर्ष 2024-25 में 30 हजार 34 करोड़ महिलाओं पर खर्च होंगे।
बच्चों के समग्र विकास पर लगभग 55 हजार करोड़ होंगे खर्च
इसके साथ-साथ राज्य के उपमुख्यमंत्री सह वित्त मंत्री सम्राट चौधरी ने 28 फरवरी को विधानसभा और विधान परिषद में बाल कल्याण बजट 2024-25 भी पेश किया।
वित्तीय वर्ष 2024-25 में बाल कल्याण बजट के तहत बच्चों के समग्र विकास पर लगभग 55 हजार करोड़ खर्च करने का प्रावधान किया गया है। सरकार द्वारा आवंटित इस राशि का उपयोग दर्जनभर विभागों के माध्यम से कर बाल कल्याण की योजनाओं को पूरा किया जाएगा।
बिहार के कुल बजट में बाल विकास पर 16 फीसदी राशि आवंटित की गयी है। जिसमें 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के शैक्षणिक, स्वास्थ्य व सुरक्षा मद में राशि का प्रावधान किया जाता है। सतत विकास लक्ष्य को हासिल करने वाले मानकों को पूरा करने के लिए राशि खर्च की जाती है।
और पढ़ें: BPSC TRE: बिहार में तीसरे चरण के शिक्षक भर्ती के एग्जाम डेट्स जारी, इतने लोगों ने किया आवेदन