बिहार: फोर लेन होगा रामजानकी मार्ग का पूरा हिस्सा, केंद्र की बिहार सरकार को सौगात

केंद्र सरकार ने बिहार को एक और सौगात दिया है, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बिहार में राम जानकी मार्ग को चार लेन में बनाने की मंजूरी दे दी है। बीते दिनों शुक्रवार को नितिन गडकरी ने बिहार सरकार में पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन को पत्र के माधयम से यह जानकारी दी है।

नितिन गडकरी ने अपने पत्र में कहा है कि राम जानकी मार्ग धार्मिक महत्‍व एवं पथ निर्माण विभाग, बिहार के अनुरोध को स्‍वीकार करते हुए इस राजमार्ग को राज्‍य में चार लेन किया जाएगा। नवीन ने बताया कि राज्य में करीब 240 किलोमीटर की लंबाई में बन रहे राम जानकी मार्ग में से सिर्फ 90 किमी ही फोरलेन मानक के अनुरूप है, शेष 150 किमी दो-लेन सड़क के रूप में प्रस्‍तावित है।

केंद्र सरकार से 150 किमी लंबाई को भी फोरलेन किये जाने का प्रस्‍ताव दिया गया था, इसी पर केंद्र की अनुमति मिली है। अब पूरा 240 किलोमीटर लंबी राम जानकी सड़क चार लेन की होगी। 

आपको बता दे कि यह सड़क उत्तर प्रदेश में अयोध्या से शुरू होती है जहाँ से बस्ती-बड़हलगंज होते हुए बिहार में देवरिया के समीप मेहरौना घाट से आगे बढ़ते हुए सिवान, चकिया और भिट्ठामोड़ होते हुए नेपाल के जनकपुर में समाप्त होती है। इस सड़क के फोर लेन होने के बाद बिहार के कई जिलों से नेपाल जान बेहद ही सुगम हो जायेगा।