75 देशों में पहुंचेगा मेड-इन-बिहार उत्पाद, उद्योग मंत्री ने वाणिज्य उत्सव का किया शुभारंभ

बातें मंगलवार बिहार के उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने अधिवेशन भवन में वाणिज्य उत्सव का उद्घाटन किया, इसके साथ ही बिहार में तीन दिवसीय वाणिज्य उत्सव शुरू हो गया है। 24 सितंबर को बिहार के हर जिले में इसका आयोजन होगा। इसका उद्देश्य बिहार में उद्योगों को बढ़ावा देने के साथ ही बिहार से निर्यात की संभावनाओं को गति देना है।

75 देशों में निर्यात करने की तैयारी

बिहार सरकार प्रदेश के उत्पादों को निर्यात करने पर काफी जोर दे रही है, आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में बिहार राज्य के उत्पादों को दुनिया के करीब 75 देशों में निर्यात करने की तैयारी की गई है। यहां से भागलपुरी सिल्क, खादी वस्त्र, मखाना, चावल, सब्जियों आदि को निर्यात किया जा रहा है।

वाणिज्य उत्सव का उद्घाटन करते हुए मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि “बिहार में औद्योगिक माहौल बन रहा है, पिछले छह माह में 35 हजार करोड़ से अधिक का निवेश प्रस्ताव आया है। इनमें से 897 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति भी मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार काफी तेजी से निवेश के लिए आकर्षित कर रही है।”

देश से निर्यात में बिहार की भागीदारी महज 0 .52 फीसदी है, केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय के अपर सचिव अमृत लाल मीणा ने कहा कि बिहार निर्यात के क्षेत्र में काफी तेजी से आगे बढ़ रहा है। यहां से पेट्रोलियम उत्पाद, वस्त्र, मखाना, फल-सब्जी एवं दवाओं का निर्यात किया जा रहा है। पिछले वर्ष लगभग 1200 करोड़ रुपये का निर्यात किया गया है।

राज्य में निर्यात की असीम संभावना

आइएसईपीसी के पूर्व चेयरमैन डा. बिमल मावंडिया ने कहा कि बिहार में निर्यात की असीम संभावनाएं हैं। खासकर सिल्क के निर्यात को बढ़ावा देकर बिहार भारी मात्रा में विदेशी मुद्रा अर्जित कर सकता है। मौके पर बिहार उद्योग संघ के अध्यक्ष राम लाल खेतान सहित कई लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनी में स्थानीय उत्पादों की भरमार है। यहां पर खादी वस्त्रों के साथ मखाना के कई स्टाल लगाए गए हैं। इसके अलावा जूट उद्योग से जुड़े भी कई स्टाल हैं।