Nariyal Katli Recipe: सोमवारी व्रत पर भोग की थाली में सजाएं नारियल कतली, आसान है बनाने की विधि

नारियल कतली रेसिपी (Nariyal Katli Recipe): सावन माह को हिंदू धर्म में बहुत पवित्र माना गया है। इस महीने में कई व्रत और त्योहार पड़ते हैं। जिनका अपना अलग महत्व है। खासकर सोमवार के व्रत को पुरुष एवं महिलाएं दोनों बहुत मन से मानते है। नारियल कतली को आप भोग के रूप में भी बना सकते हैं।
नारियल की कतली को आसानी से घर पर ही बनाया जा सकता है। इसे पूजा के बाद प्रसाद के तौर पर भी बांटा जा सकता है। इसे गोले की कतली भी कहा जाता है। जानिए, इसे बनाने की आसान रेसिपी:
नारियल की कतली बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?
2 कप गोले का बुरादा या कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल
1 कप बूरा या शुगर पाउडर
1 चम्मच पिसी हुई हरी इलायची
1 कप दूध
आधा कप मिल्क पाउडर
आधा कप बारीक कटे काजू, पिस्ता और बादाम
नारियल की कतली बनाने का तरीका
नारियल की कतली बनाने के लिए सबसे पहले नारियल या गोले के बुरादे को कड़ाही या पैन में भून लीजिए। इसके बाद इसमें दूध डालें और लगातार चलाते रहें। थोड़ी देर बाद इसमें मिल्क पाउडर मिलाएं और मिश्रण के गाढ़ा होने तक चलाते रहें। इसे ज्यादा तेज आंच पर न पकाएं।

मिश्रण गाढ़ा हो जाए तो उसमें बूरा या शुगर पाउडर डालें। आप शक्कर भी डाल सकते हैं। इसमें इलायची पाउडर डालें और मिक्स करें। जब मिश्रण पैन या कड़ाही पर चिपकना बंद हो जाए तो गैस बंद कर दें।
अब ट्रे या थाली लें और उसके ऊपर बटर पेपर बिछा दें। बटर पेपर न हो तो घी से थाली की ग्रीसिंग करें। इसके बाद थाली के ऊपर मिश्रण की पतली परत बिछा दें। कतली के मिश्रण के ऊपर बारीक कटी मेवा सजा दें। अब इसे सेट होने दें। ठंडा होने के बाद चौकोर या मनसंद आकार में काट कर कतली बनाएं।