बिहार में कश्मीर जैसी बर्फ़बारी का नजारा, 30 जिलों में गरज के साथ बारिश का अलर्ट

बिहार के मोतिहारी जिले में शुक्रवार को कश्मीर जैसी बर्फ़बारी का नजारा दिखा। बारिश के साथ साथ जमकर ओलावृष्टि हुई। देखते ही देखते शहरी इलाकों के अलावा अरेराज अनुमंडल के अरेराज ग्रामीण, पहाड़पुर प्रखंड क्षेत्र बलुआ खजुरिया में सड़कों और खेतों में बर्फ की चादर बिछ गई। बारिश खत्म होने के बाद लोगों ने इस नजारें का जमकर लुत्फ उठाया।
यहाँ तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मोतिहारी का न्यूनतम तापमान गिरकर 8.7 डिग्री पहुंच गया है। हालाँकि अचानक हुई ओलावृष्टि से किसानों को भारी नुकसान भी हुआ है। तेलहन, दलहन और आलू के फसल बर्बाद हो गए हैं। इस बारिश ने फिर से किसानों की कमर तोड़ कर रख दी है। किसान अविनाश कुमार का कहना है कि अंतिम समय में बारिश ने सब कुछ बर्बाद कर दिया है।

मौसम विभाग ने जारी किया था अलर्ट
बिहार में 45 KM प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवाओं के कारण मौसम का रुख बदल रहा हैं। गुरुवार रात शुरू हुई हवा की यह गति शुक्रवार को भी जारी है। राज्य के 38 जिलों के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है, जिसमें पटना सहित 8 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है।
4 फरवरी को भी बिहार में बारिश का सिस्टम पूरी तरह से एक्टिव रहेगा। देश में एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के कारण बिहार और पड़ोसी राज्यों में ऐसा हो रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि बिहार में पछुआ हवा का प्रवाह सतह से 1.5 किलो मीटर ऊपर तक हो रहा है। देश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव शुरू हो गया है। इस कारण हर तरफ से बारिश हो रही है।

इन 30 जिलों में गरज के साथ बारिश का अलर्ट
इन 30 जिलों में अलग-अलग भागों में तेज गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण मध्य बिहार के 8 जिलों पटना, गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद को ऑरेंज अलर्ट में रखा गया है, यहां अधिकांश हिस्सों में तेज गरज और बिजली चमकने के साथ ओलावृष्टि का पूर्वानुमान है।
जबकि उत्तर पश्चिम बिहार के 5 जिलों पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, उत्तर मध्य बिहार के 7 जिलों सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर दक्षिण पश्चिम बिहार 6 जिलों बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल तथा दक्षिण पूर्व बिहार के 5 जिलों भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया और उत्तर पूर्व बिहार के 7 जिलों सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार में मौसम का येलो अलर्ट है। इस दौरान राज्य के सभी जिलों में हवा की रफ्तार काफी तेज होगी।