बिहार पुलिस में 34,741 पदों पर होगी बहाली, जानिए किस जिले में है कितने पद खाली?
बिहार के बेरोजगार युवाओं के लिए एक खुशखबरी है। बिहार पुलिस भर्ती (Bihar Police भर्ती 2023)के लिए उनका इंतजार अब जल्द ही ख़त्म होने वाला है। दरअसल बिहार पुलिस मुख्यालय ने 34,741 स्वीकृत पदों के विरुद्ध बहाल होने वाले पुलिसकर्मियों का जिला आवंटन कर दिया है। आईये जानते है बिहार के किस जिले में कितने पद रिक्त है?
किस जिले में है कितने पद खाली?
इसमें सबसे अधिक 3098 पद राजधानी पटना को आवंटित किया गया है। इसके साथ ही गया जिले को 1407, रोहतास को 1116, मुजफ्फरपुर को 1112 और पूर्णिया जिले को 972 पदों का आवंटन मिला है। इसमें सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर रैंक तक के पुलिस पदाधिकारी व कर्मी शामिल हैं।
इनमें से कुछ पद प्रोन्नति के तहत भी भरे जायेंगे। भागलपुर जिले में कुल मिलाकर 1083 इंस्पेक्टर से सिपाही के पद मिले हैं। वहीं पटना में 22 और पूर्वी चंपारण जिले में सबसे अधिक इंस्पेक्टर के 27 पद मिलेंगे। पुलिस मुख्यालय ने जिलों के आवंटन संबंधी अधिसूचना जारी कर दी है। इओयू में 13 इंस्पेक्टर के पद पटना को मिलेंगे।
डायल 112 सेवा के 19288 पद भरे जायेंगे
बिहार सरकार द्वारा स्वीकृत 34 हजार पुलिस बलों में इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम (इआरएसएस) के तहत संचालित डायल 112 सेवा के प्रथम चरण के लिए 7808 पद जबकि दूसरे चरण में 19,288 पदों की मंजूरी दी गयी है।
इआरएसएस प्रथम चरण में 400 वाहनों के संचालन के लिए इंस्पेक्टर से लेकर चालक सिपाही के 7311 पदों पर नियुक्ति होगी। इसमें पटना को 1731 पद, मुजफ्फरपुर को 392, नालंदा को 320, गया को 357, दरभंगा को 253, भागलपुर को 218 पद मिलेंगे।
इआरएसएस के दूसरे चरण में भी पटना को 825, गया को 874, बेगूसराय को 694, कैमूर को 661, मधुबनी को 649, मुजफ्फरपुर को 659, पूर्णिया को 666, कटिहार को 663, वैशाली को 613 पद मिलेंगे।
2013 में स्वीकृत 7645 पद भी हुए शामिल
इसके अलावा 2013 में बिहार पुलिस ने राज्य की आबादी के अनुपात में 7645 पद की स्वीकृति दी थी। उस समय 43 हजार 761 पदों के सृजन की स्वीकृति हुई थी। जिसके तहत पुलिस बहाली 4 चरणों में पूरी की गयी थी, जबकि कोरोना के कारण 05वें चरण की बहाली लंबित थी।
इन 7645 पदाें को जिलों के साथ ही पुलिस की विभिन्न इकाइयों को भी आवंटित कर दिया गया है। बिहार पुलिस में 68 हजार 360 पदों पर होने वाली सीधी बहाली के पहले चरण में 21 हजार 391 सिपाहियों की बहाली की अधियाचना केंद्रीय चयन परिषद (सिपाही भर्ती) को भेजी है।
और पढ़े: बिहार में अब एएनएम की बहाली के लिए होगी लिखित परीक्षा, 11000 पदों पर बम्पर बहाली

