31 दिसंबर को बंद हो जाएंगे बिहार के 15 जिलों के दूरदर्शन केंद्र, जानें क्या है वजह

बहुत ही जल्द पूरे भारत से प्रसार भारती दूरदर्शन का अस्तित्व ख़त्म हो जायेगा और इसी क्रम में बिहार के विभिन्न जिले में संचालित दूरदर्शन केंद्र को भी बंद कर दिया जाएगा। फिलहाल पूरे देश में 412 दूरदर्शन केंद्र संचालित हैं। इन सभी दूरदर्शन केंद्रों को बंद का निर्णय प्रसार भारती लोक सेवा प्रसारक दूरदर्शन निदेशालय नई दिल्ली ने ले लिया है। केंद्र सरकार ने दूरदर्शन केंद्र बंद की एनेक्सर वार तिथि भी जारी कर दी है।
आपको बता दे कि 31 अक्टूबर को देश के विभिन्न राज्यों के शहर में स्थापित 152 प्रसार भारती दूरदर्शन केंद्रों को बंद किया जाएगा वहीं इस साल के आखरी दिन 31 दिसंबर को बिहार के 15 जिले में स्थित केंद्रों सहित देश के सभी प्रसार भारती दूरदर्शन केंद्रों को भी बंद कर दिया जाएगा।
बिहार के ये केंद्र होंगे बंद
बिहार के सहरसा सहित मुजफ्फरपुर और कटिहार में हाई पावर ट्रांसमीटर दूरदर्शन केंद्र संचालित है। जबकि बांका, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, सिकंदरा, औरंगाबाद, गया, जमुई, नवादा, शेखपुरा, बेतिया, मोतीहारी और रामनगर में लो पावर ( एलपीटी) दूरदर्शन केंद्र संचालित हैं। ये सभी केंद्र इस साल 31 दिसंबर को बंद हो जायेंगे।
तीन चरणों में होगा बंद
देश के विभिन्न राज्यों के शहरों में संचालित प्रसार भारती दूरदर्शन केंद्र को तीन फेज में एनेक्सर वार बंद करने का निर्णय लिया गया है। इसमें एनेक्सर बी के तहत देश के 151 जिसमें 108 डिजिटल ट्रांसमीटर रिले केंद्र हैं उनको 31 मार्च 2022 को, एनेक्सर सी तहत देश के 109 केंद्रों को 31 दिसंबर 2021 को और एनेक्सर डी के तहत 152 दूरदर्शन केंद्रों को 31 अक्टूबर को बंद कर दिया जाएगा। वहीं एनेक्सर ए के तहत आने वाले 54 केंद्र जो जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, सिक्किम, अंडमान निकोबार और लक्षद्वीप में स्थित हैं वहां यथास्थिति बनी रहेगी।