बिहार: हवाई जहाज में सजेगी बच्चों की पाठशाला, हेडमास्टर का यह प्रयोग बना आकर्षण का केंद्र

बच्चों के बीच शिक्षा की अलख जगाने के लिए हमेशा से ही अलग अलग तरह के प्रयोग किए जाते रहे है, इन प्रयोगों का मुख्य उदेश्य होता है बच्चों के लिए शिक्षा के प्रक्रिया को रोचक बनाना। इसी कड़ी में एक प्रयोग सामने निकलकर आया है बिहार के समस्तीपुर जिले से।
बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर व पटोरी प्रखंड की सीमा पर अवस्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिवैसिगपुर में स्कूली बच्चे हवाई जहाजनुमा शिक्षा उड़ान में बैठकर शैक्षणिक सागर में गोते लगाएंगे। जी हाँ, इस विद्यालय के प्रधानाध्यापक मेघन सहनी का यह प्रयोग इन दिनों चर्चा में है।
स्कूल के प्रधानाध्यापक मेघन सहनी के क्रिएटिव आईडिया के अनुसार स्कूल की मुख्य इमारत के ऊपर एक कक्ष को हवाई जहाज के आकार में बनाया गया है। इसमें पुस्तकालय की व्यवस्था है। जरूरत पड़ने पर इसे वर्ग कक्ष के रूप में इस्तेमाल किया जा सकता है।
इसे ‘शिक्षा उड़ान’ नाम दिया गया है। भवन के बाहर और अंदर की बनावट व सजावट ऐसी है कि बैठने वाले को हवाई जहाज की अनुभूति हो सके। भवन निर्माण में रनवे, पहिया, खिड़की, काकपिट विंडो आदि का ख्याल रखा गया है।
उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिवैसिगपुर को 2019 में राज्यस्तरीय शिक्षा रत्न पुरस्कार का सम्मान मिल चुका है। इसके अलावा 2021 तक इस विद्यालय के दर्जनों छात्र छात्राओं ने छात्रवृति की परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराया है।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक मेघन बताते हैं कि इसके निर्माण में करीब दो लाख रुपये लगे हैं। इसे लोगों के सहयोग से जुटाया गया था। निर्माण स्थानीय मिस्त्री को डिजाइन बताकर कराया गया। बनाने में तीन महीने लगे।
पुस्तकालय में पाठ्यक्रम के अलावा साहित्यिक, महापुरुषों की जीवनी व इतिहास की करीब एक हजार पुस्तकें हैं। बच्चों के लिए सामान्य ज्ञान, समाचार पत्र और विभिन्न प्रतियोगिताओं से संबंधित पुस्तकें भी उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे बच्चे देश-दुनिया के तमाम घटनाक्रम से अवगत हो सकेंगे।